देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र स्थित डाकपत्थर क्षेत्र में एक युवक ने पड़ोस में ठहरी एक नाबालिग युवती की मांग में जबरन सिंदूर भर दिया. इसके बाद वो उसे अपने साथ ले जाने के लिए जोर जबरदस्ती करने लगा. नाबालिग लड़की ने शोर मचाया तो आसपास के लोग एकत्रित हो गए और उन्होंने आरोपी की पकड़ कर उसकी पिटाई की. पुलिस को मामले की जानकारी दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया. आरोपी के खिलाफ पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. कोर्ट में पेश करने के बाद आकिब नाम के आरोपी को जेल भेज दिया गया है.
पुलिस के अनुसार, डाकपत्थर क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के माता-पिता घर पर नहीं थे. उनका बेटा रात की ड्यूटी खत्म करने के बाद घर पर सोया हुआ था. उनकी नाबालिग बेटी पड़ोस के घर गई थी. इसी दौरान आकिब निवासी बरोटीवाला पड़ोसी के घर जहां नाबालिग थी, वहां घुस गया. उसने फिल्मी स्टाइल में नाबालिग की मांग में जबरन सिंदूर भर दिया. उसे जबरन अपने साथ ले जाने लगा.
आरोप है कि नाबालिग के विरोध करने पर आकिब ने उसके कपड़े फाड़ दिए और छेड़खानी की. नाबालिग के चिल्लाने पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए और उन्होंने आरोपी को पकड़ लिया. इसके बाद उसकी पिटाई हो गई. आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी नाबालिग लड़की के परिजनों के साथ ही पुलिस को दी. पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया. मौके पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा. वहीं नाबालिग की मां ने कोतवाली में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी. पुलिस ने आज उसे कोर्ट में पेश किया.
पीड़ित के परिजनों ने आरोप लगाया है कि आरोपी आकिब ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी है. विकासनगर इलाके में इससे पूर्व भी ऐसी घटना क्षेत्र के कुंजा ग्रांट में देखने को मिली थी. जहां एक नाबालिग को जावेद नाम का युवक बहला फुसलाकर भगा ले गया था. जावेद ने भी पीड़ित के परिजनों को जान से मारने की धमकी दी थी. आरोपी जावेद को तीन अगस्त को दून पुलिस ने सहारनपुर यूपी से गिरफ्तार किया था.