देहरादून। राजधानी देहरादून में साहित्य, ज्ञान और संस्कृति के संगम के रूप में 16वें तीन दिवसीय ‘किताब कौतिक’ पुस्तक मेले का आयोजन किया गया। 23 से 25 अक्टूबर 2026 तक दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र में आयोजित इस पुस्तक मेले में पुस्तक प्रेमियों, विद्यार्थियों, साहित्यकारों और बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया। मेले का उद्देश्य नई पीढ़ी में पढ़ने की आदत विकसित करना तथा युवाओं और बच्चों को पुस्तकों, स्थानीय भाषा, साहित्य एवं संस्कृति से जोड़ना रहा।

पुस्तक मेले का शुभारंभ 23 अक्टूबर को प्रो. बीके जोशी, पद्मश्री बसंती बिष्ट और पद्मश्री कल्याण सिंह रावत ने दीप प्रज्वलित कर किया था। इस अवसर पर पुस्तकों के महत्व, साहित्य की भूमिका और समाज में ज्ञान के प्रसार पर विशेष जोर दिया गया।
मेले में 75 से अधिक प्रकाशकों की लगभग 80 हजार पुस्तकें प्रदर्शित की गईं। साहित्य, इतिहास, संस्कृति और विभिन्न ज्ञान-विज्ञान विषयों पर आधारित पुस्तकों ने पाठकों को अपनी ओर आकर्षित किया। पुस्तक प्रेमियों को अलग-अलग विषयों की किताबें देखने और अपनी रुचि के अनुसार साहित्य चुनने का अवसर मिला।
किताब कौतिक में पुस्तकों के साथ-साथ बच्चों और युवाओं की रुचि को ध्यान में रखते हुए कई ज्ञानवर्धक गतिविधियां आयोजित की गईं। साइंस एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) कॉर्नर, पपेट मेकिंग, कहानी सत्र और करियर काउंसलिंग जैसी गतिविधियों ने मेले को विशेष स्वरूप दिया। इसके अलावा साहित्य, इतिहास और सैन्य विरासत पर केंद्रित विशेष सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई।
रिपोर्टर राजू ठाकुर
