चारधाम यात्रा सीजन के बीच रविवार को धर्मनगरी में भीषण जाम की समस्या रही। श्रद्धालु और पर्यटक चिलचिलाती धूप में जाम में फंसे रहे। उधर, पुलिसकर्मी भी चढ़ते पारे में पसीना बहाते नजर आए। वहीं, सभी पार्किंग वाहनों से फुल हो गईं। इसके चलते श्रद्धालुओं को अपने वाहन हाईवे किनारे खाली मैदानों में खड़े करने पड़े। इसके अलावा हरकी पैड़ी सहित आसपास के सभी गंगा घाट श्रद्धालुओं से भरे रहे।
चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो चुका है। उधर, बोर्ड परीक्षाओं के रिजल्ट आने के चलते लोग ग्रीष्मकालीन छुट्टियों के लिए इन दिनों रोजाना ही लोग उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। खासतौर पर वीकेंड पर शनिवार और रविवार को दिल्ली, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब व हिमाचल जैसे समीपवर्ती राज्यों से लाखों की संख्या में लोग घूमने और तीर्थाटन के लिए हरिद्वार आ रहे हैं। शनिवार के बाद रविवार को भी ऐसा ही हुआ।