एक ओर जहां स्कूलों में छात्रों को मूलभूत सुविधा देने का दावा किया जाता है लेकिन कई स्कूल इन सुविधाओं से भी वंचित हैं। ऐसा ही कुछ हाल रायपुर ब्लाक के राजकीय प्राथमिक विद्यालय नालापानी का है।यहां स्कूल का भवन जीर्ण शीर्ण होने के चलते उसे तोड़कर निर्माण कार्य किया गया। ऐसे में नए भवन बनने तक यहां के 76 छात्र-छात्राएं सात महीने से नगर निगम के राजीव गांधी सेवा केंद्र में अध्ययन कर रहे हैं। लेकिन यहां पर न तो शौचालय की सुविधा है और न ही बिजली। ऐसे में छात्र-छात्राएं नजदीकी घरों अथवा पास के जंगल में शौचालय जाने को मजबूर हैं वहीं बिजली न होने से भी उन्हें परेशान होना पड़ता है।