पल्टन बाजार में सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके साथ ही शहर के प्रमुख बाजारों में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
एडीएम केके मिश्रा ने निर्देश दिए कि पलटन बाजार में सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। व्यापारियों से कहा गया है कि वे लोडिंग-अनलोडिंग का काम सुबह 11 बजे से पहले या शाम 7 बजे के बाद ही करें। संबंधित अधिकारियों को इस व्यवस्था का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम एवं प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाजारों में व्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए नियमित निगरानी रखी जाए तथा आवश्यकतानुसार संयुक्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों से भी अपील की कि वे त्योहारी सीजन में बेहतर यातायात व्यवस्था एवं जनसुरक्षा बनाए रखने में जिला प्रशासन का सहयोग करें।
