देहरादून। अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर युवा कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए देहरादून में विरोध प्रदर्शन किया। असलेहॉल स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार एवं भाजपा नेताओं का पुतला दहन कर आक्रोश जताया। कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग उठाते हुए मामले में निष्पक्ष कार्रवाई और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।
युवा कांग्रेस महानगर अध्यक्ष तेजस्वी राणा एवं रायपुर विधानसभा अध्यक्ष अतुल सक्सेना की उपस्थिति में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की आवाज बुलंद की। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय मिलना केवल एक परिवार का सवाल नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता की भावनाओं और न्याय व्यवस्था पर विश्वास से जुड़ा विषय है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि मामले से जुड़े सभी सवालों का पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाए और न्याय सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी मामले में निष्पक्ष कार्रवाई और जवाबदेही लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
रिपोर्टर राजू ठाकुर
