राजधानी देहरादून में छात्र संघ चुनाव को लेकर सिसायी सरगर्मियां तेज हो गई है. एनएसयूआई (नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया) ने देहरादून के डीएवी पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव को लेकर अध्यक्ष पद के लिए सौरभ सेमवाल को अपना प्रत्याशी घोषित किया है. एनएसयूआई से टिकट मिलने के बाद सौरभ सेमवाल ने संगठन का आभार जताया है.
सौरभ सेमवाल ने कहा कि संगठन ने जिस भरोसे के साथ उन्हें जिम्मेदारी दी है, उस पर वह पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ काम करेंगे. सौरभ सेमवाल ने कहा कि NSUI ने साल 2023 में कॉलेज में जीत दर्ज कर अपना परचम लहराया था और इस बार भी संगठन की जीत के लिए पूरी ताकत के साथ काम किया जाएगा.
सौरभ सेमवाल ने दावा किया कि पूर्व में NSUI की ओर से किए गए कई वादों को पूरा किया गया है, जिनमें वेलफेयर कॉमन रूम, शॉर्टकट पर झंडा लगाने और शिक्षकों की नियुक्ति जैसे मुद्दे शामिल हैं. उन्होंने कहा कि इस बार छात्रों के लिए छात्रावास निर्माण को प्रमुख मुद्दे के रूप में आगे रखा जाएगा.
सौरभ सेमवाल ने कहा कि छात्रावास की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए वह पूरी मजबूती से प्रयास करेंगे. संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसके अनुरूप वह DAV PG कॉलेज में NSUI को जीत दिलाने के लिए पूरी मेहनत करेंगे और संगठन का नाम रोशन करने का प्रयास करेंगे. उन्होंने छात्रों से NSUI के पक्ष में समर्थन की अपील भी की.
डीबीएस महाविद्यालय में अभिनव कफलिया को मिला टिकट: डीएवी कॉलेज के अलावा डीबीएस महाविद्यालय के लिए भी NSUI ने छात्र संघ अध्यक्ष पद के प्रत्याशी की घोषणा की है. डीबीएस महाविद्यालय ने NSUI ने अभिनव कफलिया का छात्र संघ अध्यक्ष पद के लिए टिकट दिया. अभिनव कफलिया ने महाविद्यालय में विद्यार्थियों से जुड़े शैक्षणिक मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए पीजी पाठ्यक्रमों के विस्तार करने की बात कही है.
अभिनव ने कहा कि DBS में UG और ऑनर्स की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को स्नातक के बाद PG की पढ़ाई के लिए श्रीनगर, दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) या अन्य संस्थानों का रुख करना पड़ता है. उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में ही अधिक से अधिक PG विभाग शुरू करने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए दूसरे संस्थानों में भटकना न पड़े.
उन्होंने कहा कि PG पाठ्यक्रमों के विस्तार के साथ महाविद्यालय में आवश्यकतानुसार शिक्षकों और फैकल्टी की संख्या भी बढ़ाये जाने की आवाज प्रमुखता से उठाई जाएगी, इससे विद्यार्थियों को स्नातक के बाद अपने ही महाविद्यालय में उच्च शिक्षा जारी रखने का मौका मिल सकेगा. उन्होंने ऑनर्स के एक वर्षीय PG कार्यक्रम में प्रवेश को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों से UET परीक्षा कराई गई, फीस ली गई और एडमिशन रजिस्ट्रेशन फॉर्म भी भरवाए गए, लेकिन प्रवेश के लिए मेरिट लिस्ट जारी नहीं की गई. इसके चलते कई विद्यार्थियों के प्रवेश अब तक अटके हुए हैं.
एनएसयूआई के छात्र संघ अध्यक्ष पद के प्रत्याशी ने मांग की है कि लंबित प्रवेश प्रक्रिया को जल्द स्पष्ट किया जाए और विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई को लेकर राहत दी जाए. उन्होंने कहा कि छात्र हितों से जुड़े इन मुद्दों को NSUI प्रमुखता से उठाएगी.
