देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में आदि योगी मनीष भगत साइकिलिंग के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और प्रकृति से जुड़ने का संदेश दे रहे हैं। उनका मानना है कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए नियमित शारीरिक गतिविधियों के साथ प्रकृति के करीब रहना भी बेहद जरूरी है।
इसी दौरान गूंज केसरी के पत्रकार राजू ठाकुर की नजर प्रेमनगर क्षेत्र में साइकिलिंग कर रहे आदि योगी मनीष भगत पर पड़ी। पत्रकार राजू ठाकुर ने उनसे बातचीत की और साइकिलिंग के उद्देश्य, स्वास्थ्य के महत्व तथा प्रकृति से मनुष्य के जुड़ाव को लेकर चर्चा की।
बातचीत के दौरान मनीष भगत ने प्रकृति के संरक्षण, पर्यावरण के प्रति जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली जैसे महत्वपूर्ण विषयों को सामने रखा। उन्होंने बताया कि साइकिलिंग केवल व्यायाम का माध्यम नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण में भी सहायक है। इससे शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर रखने के साथ-साथ प्रदूषण कम करने में भी योगदान दिया जा सकता है।
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में जहां लोग शारीरिक गतिविधियों से दूर होते जा रहे हैं, वहीं इस तरह की पहल समाज को स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति जागरूक करने का सकारात्मक संदेश देती है।
