देहरादून। राजधानी देहरादून के नंदा की चौकी से प्रेम नगर तक का सफर इन दिनों लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। इस मार्ग पर आए दिन लगने वाले भारी जाम से स्थानीय निवासी, राहगीर और वाहन चालक खासे परेशान हैं। हैरानी की बात यह है कि क्षेत्र में फ्लाईओवर बनने के बावजूद प्रेम नगर के लोगों को जाम की समस्या से पूरी तरह निजात नहीं मिल पाई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार नंदा की चौकी से प्रेम नगर तक पहुंचने में कई बार आधे घंटे से भी अधिक का समय लग जाता है। व्यस्त समय में वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे लोगों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ता है। इस मार्ग से प्रतिदिन नौकरीपेशा लोग, छात्र-छात्राएं, व्यापारी और अन्य राहगीर आवागमन करते हैं। जाम के कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी होती है और उनकी दिनचर्या भी प्रभावित होती है।
वहीं सड़क किनारे दुकानें संचालित करने वाले दुकानदार भी इस समस्या से परेशान हैं। दुकानदारों का कहना है कि सड़क पर लगातार लगने वाले जाम और वाहनों की अव्यवस्थित आवाजाही के कारण ग्राहकों को दुकानों तक पहुंचने में परेशानी होती है, जिसका सीधा असर उनके कारोबार पर पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फ्लाईओवर निर्माण के बाद उम्मीद थी कि यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और जाम से राहत मिलेगी, लेकिन जमीनी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं दिखाई दे रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर फ्लाईओवर बनने के बाद भी इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु क्यों नहीं हो पा रही है?
