देहरादून से अमृतसर और UP के इन दो शहरों के लिए शुरू होगी सीधी उड़ान, केंद्र ने दी मंजूरी; शेड्यूल भी जारी

देहरादून से देश के तीन प्रमुख शहरों अयोध्या, अमृतसर और वाराणसी के लिए सीधी हवाई सेवा को केंद्र की स्वीकृति मिल गई है। तीनों हवाई सेवाओं की शुरुआत बुधवार छह मार्च को होगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नागरिक विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का आभार प्रकट किया है।

ऐसा रहेगा शेड्यूल

देहरादून से अयोध्या जाने वाला विभाग पहले दिन सुबह 9: 40 बजे उड़ान भरेगा और सुबह 11:30 बजे अयोध्या पहुंचेगा। उसी दिन अयोध्या से दोपहर 12:15 बजे उड़ान भरकर दोपहर 1:55 बजे देहरादून पहुंचेगा। देहरादून-अमृतसर हवाई सेवा का विमान दोपहर 12 बजे अमृतसर से उड़ान भरेगा और दोपहर 1:10 बजे देहरादून पहुंचेगा। इसी प्रकार यह विमान देहरादून से दोपहर 1:35 बजे अमृतसर के लिए उड़ान भरेगा और दोपहर 2:45 बजे अमृतसर पहुंचेगा।

वाराणसी लिए वाया पंतनगर हवाई सेवा भी छह मार्च से शुरू हो रही है। यह यात्री विमान सुबह 9: 50 बजे देहरादून से पंतनगर के लिए उड़ान भरेगा और 10: 35 बजे पंतनगर पहुंचेगा। पंतनगर से 11:15 बजे वाराणसी के लिए उड़ान भरेगा और दोपहर एक बजे वाराणसी में उतरेगा।

हवाई सेवा शुरू करने के लिए लंबे समय से प्रयासरत थी धामी सरकार

वाराणसी से विमान दोपहर 1:40 बजे पंतनगर के लिए उड़ान भरेगा और 3: 25 बजे पंतनगर पहुंचेगा। पंतनगर से विमान 3: 50 बजे उड़ान भरेगा और शाम 4: 35 बजे देहरादून पहुंचेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तीनों स्थानों के लिए हवाई सेवा शुरू करने को लंबे समय से प्रयासरत थे।

अयोध्या में श्रीराम मंदिर में श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा होने से पूर्व उन्होंने केंद्रीय नागरिक विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से व्यक्तिगत रूप से अनुरोध करने के साथ ही पत्र भी लिखा था। मुख्यमंत्री ने कहा था कि देहरादून से अयोध्या के लिए सीधी उड़ान सेवा उपलब्ध नहीं है।

श्रीरामलला के दर्शन के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंच रहे हैं, अयोध्या से देवभूमि के लिए हवाई सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं को उत्तराखंड की यात्रा में भी सुविधा होगी। इसी प्रकार देवभूमि की यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्री भी इस सेवा का लाभ उठा सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *