उत्तराखंड मौसम अपडेट: अब रातें होंगी और सर्द, गिरेगा तापमान

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले चार से पांच दिनों में प्रदेश भर में रात का तापमान और नीचे जाएगा, जिससे मैदान से लेकर पहाड़ तक ठंड में इजाफा देखने को मिलेगा। न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि जलवायु परिवर्तन और सर्दियों की बारिश में आई भारी कमी का सीधा असर तापमान पर पड़ रहा है। यही वजह है कि इस बार प्रदेश में सूखी ठंड ज्यादा परेशान कर रही है। आने वाले दिनों में रातें ज्यादा सर्द होंगी, हालांकि दिन के समय चटक धूप खिलने से ठंड का असर कुछ कम महसूस होगा।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, इस सप्ताह प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश की कोई संभावना नहीं है। रविवार को देहरादून में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री अधिक 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के अन्य जिलों में भी मौसम कुछ इसी तरह बना रहा।

हालांकि पर्वतीय इलाकों में मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग के अनुसार चमोली, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार भी जताए गए हैं। अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा। विभाग का अनुमान है कि 20 दिसंबर तक प्रदेश भर में मौसम साफ और शुष्क रहेगा।

मौसम विभाग ने लोगों को सुबह-शाम ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर बुजुर्गों, बच्चों और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *