बड़कोट/ देहरादून- उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ उत्तरकाशी पुलिस अवैध नशे के स्रोतों पर लगातार प्रहार कर रही है। इसी क्रम में बड़कोट पुलिस ने नौगांव विकासखंड के ग्राम पाली के बड़ाता तोक में लगभग पांच से छह नाली बंजर भूमि पर प्राकृतिक रूप से उगी भांग की खेती को नष्ट कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई के साथ ही ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग की अपील की।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में जनपदभर में ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ एवं नशामुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र के नेतृत्व में बुधवार को कोतवाली बड़कोट पुलिस की टीम ने ग्राम पाली के बड़ाता तोक में कार्रवाई करते हुए पांच से छह नाली भूमि पर उगी भांग को नष्ट किया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नशीले पदार्थों के अवैध स्रोतों पर अंकुश लगाना और युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त में आने से बचाना है।
नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश
भांग की खेती नष्ट करने के बाद पुलिस टीम ने स्थानीय ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और सामाजिक जीवन पर भी गंभीर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। युवाओं और बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने आसपास भांग, अफीम जैसे नशीले पदार्थों की अवैध खेती, कारोबार अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार और गैरकानूनी खेती में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में ये रहे शामिल: पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजेश कुमार, अपर उपनिरीक्षक विक्रम सिंह, कांस्टेबल विपिन शर्मा और होमगार्ड सूर्यपाल सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
रिपोर्टर राजू ठाकुर
