कोरोना का नया वेरिऐंट जेएन 1 (JN.1) तेजी से फैल रहा है। नए वेरिएंट की वजह से लोगों की मौतें भी हो रहीं हैं। कोरोनो के नए वेरिएंट के दस्तक के बाद उत्तराखंड में भी अलर्ट जारी किया गया है। वायरस से निपटने को सीएम पुष्कर सिंह धामी सरकार पूरी तरह से तैयार है।
संदिग्ध मरीजों की जांच के आदेश जारी किए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने कहा कि कोरोना के जेएन 1 वेरिएंट की दस्तक को देखते हुए उत्तराखंड के सभी अस्पतालों को कोरोना जैसे लक्षण वाले संदिग्ध मरीजों की आरटीपीसीआर व एंटिजन जांच के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री की ओर से बुलाई गई बैठक में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कोरोना के नए वेरिएंट का कोई भी मरीज सामने नहीं आया है। लेकिन सभी अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखते हुए सांस व हृदय रोगियों की जांच के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं का ब्योरा रखते हुए बताया कि अस्पतालों को कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने को कहा गया है।