अयोध्या : राम मंदिर के पास बनेगा उत्तराखंड का अतिथि गृह, सात किमी दूर जगह चिह्नित

अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर के पास उत्तराखंड सरकार राज्य अतिथि गृह का निर्माण करने जा रही है। जिसके लिए मंदिर से सात किमी दूर जगह चिह्नित कर ली गई है।

अयोध्या में राम मंदिर के पास बनाए जाने वाले उत्तराखंड अतिथि गृह के लिए जगह चिह्नित कर ली गई है। राम मंदिर से सात किमी की दूरी पर उत्तराखंड सरकार राज्य अतिथि गृह बनाएगी। बता दें कि उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद ने करीब साढ़े तीन किमी की एरियल दूरी पर स्थित चिह्नित स्थान के लिए ले आउट तैयार कर लिया है। इसी ले आउट के आधार पर उत्तराखंड सरकार ने जगह को चुना है।

बता दें कि उत्तर प्रदेश सरकार ने सभी राज्यों के अतिथि गृह बनाने के लिए एक ही जगह को तय किया है। पिछले दिनों राज्य संपत्ति विभाग की एक टीम अयोध्या से इस स्थान का निरीक्षण करके वापस आई है। मिली जानकारी के मुताबिक टीम ने करीब पांच जगहें देखी हैं। जिसमें से किली एक पर अतिथि गृह बनाया जाएगा।

टीम ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भूखंड का प्रस्ताव दिखा दिया है। सीएम ने इसे अनुमोदन दे दिया है। सीएम धामी ने भूखंड आवंटन के बाद अतिथि गृह को बनाने के लिए तेजी से काम करने के निर्देश दिए हैं। बताया जा रहा है कि अतिथि गृह के निर्माण के बाद उत्तराखंड से अयोध्या जाने वाले लोगों को सुविधा होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *