देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र की लेबर कॉलोनी में छह साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि 15 वर्षीय किशोर बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और मोबाइल फोन पर अश्लील वीडियो दिखाने के बाद उसके साथ गलत काम किया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और किशोर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पटेलनगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर संरक्षण गृह भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित बच्ची और आरोपी किशोर दोनों के परिवार मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और देहरादून में मजदूरी करते हैं। दोनों परिवार लेबर कॉलोनी में आसपास रहते हैं।
फिलहाल बच्ची का अस्पताल में उपचार जारी है और पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
