देहरादून। आगामी 1 दिसंबर 2027 से प्रस्तावित जनगणना को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जनगणना कार्य को सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पिछले लगभग 1 माह से कर्मचारियों को लगातार प्रशिक्षण दिया जा रहा है। नगर निगम के मुख्य सभागार एवं मीटिंग हॉल में प्रतिदिन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें लगभग 300 कर्मचारी प्रतिभाग कर रहे हैं।
इसके अतिरिक्त दून मेडिकल कॉलेज में भी जनगणना से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को जनगणना कार्य की प्रक्रिया, आवश्यक दिशा-निर्देशों और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने की जानकारी दी जा रही है।
जनगणना से संबंधित कार्य को 5 चरणों में विभाजित किया गया है, ताकि पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कर्मचारियों को जनगणना से संबंधित अपना कार्य 4 जनवरी 2027 तक प्रत्येक दशा में पूरा कर शाम 6 बजे तक जनगणना कार्यालय में जमा कराना होगा।
रिपोर्टर राजू ठाकुर
