उत्तरकाशी से श्रीनगर जा रही बस को लंबगांव में पुलिस ने चेकिंग के दौरान रोका, जहां जांच में चालक के अत्यधिक नशे में होने की पुष्टि हुई। यात्रियों की सुरक्षा को ताक पर रखकर एक बस चालक शराब के नशे में वाहन चलाता रहा। बस का चालक शराब के नशे में करीब 55 किलोमीटर तक वाहन चलाता रहा। बस में 28 यात्री सवार थे, जिनकी जान पर लगातार खतरा बना हुआ था। गनीमत रही कि लंबगांव में पुलिस की चेकिंग के दौरान चालक की हरकत पकड़ में आ गई और एक बड़ा हादसा टल गया।
लंबगांव थानाध्यक्ष महिपाल सिंह रावत ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाने के मामले में बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। पुलिस की सतर्कता से बस में सवार 28 यात्रियों को संभावित दुर्घटना से बचा लिया गया।
बस में 28 यात्री सफर कर रहे थे। चालक की लापरवाही को देखते हुए पुलिस ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी और उन्हें उनके गंतव्य श्रीनगर तक पहुंचाने के लिए दूसरे वाहन की व्यवस्था कराई। वहीं, उत्तरकाशी से आई बस को मौके पर ही सीज कर दिया गया।
