देहरादून-क्रिकेट प्रेमियों के लिए राजधानी देहरादून में कुबेर कप टी-20 कॉर्पोरेट चैंपियनशिप (सीजन-1) का आयोजन किया जा रहा है। रागढ़ फिटनेस क्रिकेट क्लब की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता को लेकर मंगलवार को देहरादून प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता कर आधिकारिक घोषणा की गई। इस दौरान प्रतियोगिता के पोस्टर का विमोचन करने के साथ ही आयोजन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता की आधिकारिक ट्रॉफी और टीमों की जर्सी का अनावरण भी जल्द ही आयोजित होने वाली कैप्टन्स मीट (Captains Meet) में किया जाएगा।
प्रतियोगिता में कुल 15 टीमें प्रतिभाग करेंगी, जिन्हें चार अलग-अलग समूहों में बांटा जाएगा। प्रत्येक टीम को कम से कम चार मैच खेलने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता के सभी लीग और नॉकआउट मुकाबले कुआंवाला स्थित दून क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में विजेता टीम को दो लाख रुपये नकद, ट्रॉफी और गोल्ड मेडल प्रदान किए जाएंगे, जबकि उपविजेता टीम को एक लाख रुपये नकद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक टीम के लिए प्रवेश शुल्क 75 हजार रुपये निर्धारित किया गया है।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की न्यूनतम आयु 26 वर्ष निर्धारित की गई है। खिलाड़ियों की पात्रता सुनिश्चित करने के लिए आयु संबंधी प्रमाणपत्रों की जांच की जाएगी। प्रतियोगिता के सभी मुकाबलों का लाइव प्रसारण किया जाएगा। इसके साथ ही खिलाड़ियों के लिए दोपहर के भोजन की व्यवस्था भी रहेगी। प्रतियोगिता में व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर भी खिलाड़ियों को आकर्षक नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। मैन ऑफ द टूर्नामेंट को 11 हजार रुपये, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज को 2500-2500 रुपये तथा मैन ऑफ द मैच और सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक को 1100-1100 रुपये प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा शतक बनाने, पांच विकेट लेने और 11 गेंदों में अर्धशतक बनाने वाले खिलाड़ियों के लिए भी विशेष नकद पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ ही कॉर्पोरेट जगत से जुड़े खिलाड़ियों को खेल के माध्यम से एकजुट करना है।
रिपोर्टर राजू ठाकुर
