देहरादून। अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने मुख्यमंत्री के बयान को भ्रामक करार देते हुए आरोप लगाया कि भाजपा नेता अंकिता भंडारी प्रकरण जैसे संवेदनशील मामले में जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा नेताओं को मातृशक्ति के सम्मान और महिलाओं की भावनाओं की कोई चिंता नहीं है।
उन्होंने तथाकथित वीआईपी को राज्यपाल बनाए जाने के मुद्दे पर भी आपत्ति जताते हुए सवाल उठाए। उनका कहना था कि अंकिता भंडारी प्रकरण की तुलना अन्य मामलों से करना उचित नहीं है और इस संवेदनशील मामले में सरकार को स्पष्ट एवं जवाबदेह रुख अपनाना चाहिए। मुख्यमंत्री के बयान पर पलटवार करते हुए गोदियाल ने कहा कि उनके बयान को किसी भी तरह से सही नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने हरक सिंह रावत पर लगे आरोपों का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय हरक सिंह रावत ने तत्काल अपना इस्तीफा दे दिया था।
गोदियाल ने इसी उदाहरण के जरिए भाजपा नेताओं के रवैये पर सवाल खड़े किए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा इस पूरे प्रकरण में अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए जनता के सवालों का जवाब देना और पूरे मामले में पारदर्शिता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
रिपोर्टर राजू ठाकुर
