मसूरी: गहरी खाई में जा गिरा हैवी टैंकर, पेट्रोल-डीजल बहता देखकर उड़े लोगों के होश

मसूरी के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल केम्पटी फॉल के पास शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। पेट्रोल और डीजल से भरा एक टैंकर पेट्रोल पंप के ठीक सामने अचानक खाई में जा गिरा। खाई में गिरते ही टैंक फट गए और डीजल-पेट्रोल का तीव्र रिसाव शुरू हो गया, जिससे इलाके में आग लगने का खतरा गहरा गया।

घटना सुबह करीब 8 बजे की है जब देहरादून से आ रहा टैंकर केम्पटी स्थित पेट्रोल पंप पर आपूर्ति के लिए रुका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक ने टैंकर को हैंड ब्रेक लगाकर खड़ा किया और पंप की ओर चला गया। लेकिन कुछ ही पलों में टैंकर धीरे-धीरे पीछे की ओर खिसकता हुआ खाई में जा गिरा।

खाई में गिरने से टैंकर के ईंधन टैंक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और पेट्रोल-डीजल तेजी से बहने लगा। पूरे इलाके में पेट्रोल की तीखी गंध फैल गई और वाष्प के कारण दमघोंटू स्थिति उत्पन्न हो गई। रिसाव इतना अधिक था कि पेट्रोल/डीजल की धारा सड़क की ओर बहने लगी।

घटना की सूचना मिलते ही केम्पटी पुलिस और मसूरी फायर सर्विस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और इलाके को चारों ओर से घेर लिया। फायर सर्विस अधिकारियों ने आग की संभावना को देखते हुए चेतावनी जारी की कि दीपावली के कारण यदि कोई पटाखा या रॉकेट इस रिसाव वाले क्षेत्र में गिरता है तो भयंकर विस्फोट हो सकता है।

फायर सर्विस और स्थानीय प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए रिसते हुए टैंकर से पेट्रोल और डीजल को एक अन्य खाली टैंकर में स्थानांतरित करना शुरू कर दिया। इसके लिए विशेष पाइप का उपयोग किया गया ताकि किसी भी चिंगारी या घर्षण से आग न लगे।

फायर ऑफिसर धीरज तडियाल ने बताया कि पेट्रोल और डीजल से भरा टैंकर इस तरह अगर दीपावली की रात को गिरा होता और आसपास पटाखे जलाए जा रहे होते, तो 1 किलोमीटर के दायरे में बड़ा हादसा हो सकता था। सौभाग्य से समय पर कार्रवाई हुई और कोई जनहानि नहीं हुई।

पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है। ट्रक में तकनीकी खामी हो सकती है या हैंड ब्रेक पूरी तरह नहीं लगा था, पुलिस तकनीकी टीम की सहायता से पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *