बदरीनाथ धाम के रावल का त्याग पत्र स्वीकार, नायब रावल को प्रभारी रावल के रूप में नियुक्त के आदेश

बदरीनाथ – केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने बदरीनाथ धाम के मुख्य पुजारी रावल ईश्वर प्रसाद नंबूदरी की स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के आवेदन को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस संबंध में शुक्रवार को आदेश जारी कर दिए गए हैं। रावल की सेवानिवृत्ति के बाद नायब रावल अमरनाथ नंबूदरी भगवान बदरी विशाल की पूजा-पाठ का जिम्मा संभालेंगे। उल्लेखनीय है कि निवर्तमान रावल ने स्वास्थ्य कारणों से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए आवेदन किया था।

विभिन्न औपचारिकताओं को पूर्ण करने के लिए अग्रिम आदेशों तक नायब रावल को प्रभारी रावल के रूप में कार्यभार सौंपा गया है। नायब रावल को प्रभारी रावल के रूप में पूजा-अर्चना का कार्यभार सौंपने के लिए धार्मिक परंपराओं और मान्यताओं के अनुरूप 13 व 14 जुलाई को दो दिन तक विभिन्न अनुष्ठान आयोजित होंगे। धार्मिक अनुष्ठानों के पूर्ण होने पर 14 जुलाई से बतौर प्रभारी रावल अमरनाथ नंबूदरी पूजा- अर्चना करेंगे।
शुक्रवार को बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी योगेंद्र सिंह ने अध्यक्ष अजेंद्र अजय की स्वीकृति के बाद रावल ईश्वरा प्रसाद नंबूदरी को स्वैच्छिक सेवानिवृति और नायब रावल अमरनाथ नंबूदरी को प्रभारी रावल के रूप में कार्यभार ग्रहण करने के संबंध में पृथक -पृथक आदेश जारी कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *