उधम सिंह नगर के आईटीआई थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के सप्लायर को गिरफ्तार किया है. आरोपी से एक पिस्टल, दो तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद हुआ है. आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया, फिर कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया है. वहीं, देहरादून में गैस एजेंसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.
उधम सिंह नगर के आईटीआई थाना पुलिस ने असलहा सप्लायर को गिरफ्तार किया है. आरोपी से एक पिस्टल 32 बोर, एक खोखा और कारतूस समेत दो तमंचे और दो कारतूस बरामद किए हैं. जबकि, एक आरोपी फरार चल रहा है.
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि आईटीआई थाना क्षेत्र में अवैध असलहों की सप्लाई होने जा रही है. मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गुलड़िया रोड स्थित चेकिंग अभियान चलाया. तभी टीम को एक संदिग्ध दिखाई दिया. टीम को देख वो सकपका गया. शक होने पर जब टीम ने संदिग्ध युवक की तलाशी ली तो आरोपी से एक पिस्टल, दो तमंचे समेत दो कारतूस बरामद हुए.
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मौ. आलिम पुत्र हनीफ (उम्र 25 वर्ष) निवासी ग्राम बांसखेड़ा थाना आईटीआई बताया. आरोपी ने बताया कि उसे ये हथियार उसके ही गांव के मोहम्मद कासिम पुत्र अब्दुल सलीम ने दिए थे. वो कासिम के कहने पर ये असलहे विभिन्न व्यक्तियों को पहुंचाता था. इस काम के बदले उसे ₹1500 से ₹2000 तक मिलते थे.
वहीं, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है. वहीं, मोहम्मद कासिम की तलाश जा रही है. पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास को खंगालने में जुटी हुई है.
पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत पित्थूवाला इलाके में बांके बिहारी फिलिंग स्टेशन के पास एक एजेंसी की ओर से अपनी निजी भूखंड पर खुदाई की गई. इसी दौरान गेल गैस लिमिटेड की गैस लाइन क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर गैस रिसाव हो गया. जिससे घटनास्खल पर अफरा तफरी का माहौल हो गया. जिस पर पटेलनगर पुलिस ने संबंधित एजेंसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.
बताया जा रहा है कि खुदाई का कार्य करने वाली एजेंसी ने मामले में कोई भी सूचना गेल गैस लिमिटेड को नहीं दी. ऐसे में 3 नवंबर को लापरवाहीपूर्वक काम कर आम जनता के जीवन को संकट में डालने के मामले में शिकायत दर्ज कराई गई थी. जिस पर मामले की गंभीरता और आम जनता की सुरक्षा के मद्देनजर एसएसपी अजय सिंह ने तत्काल संबंधित एजेंसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए. जिस पर गेल गैस लिमिटेड की तहरीर के आधार पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया.