पहला हादसा टिहरी जिले में हुआ. जिले की व्यासी पुलिस चौकी को सूचना मिली कि सींघटाली के पास एक कार (इनोवा क्रिस्टा) सवार व्यक्ति कार सहित रात्रि से लापता है. इस सूचना पर पोस्ट व्यासी से सब इंस्पेक्टर हेमंत डुंगरियाल के नेतृत्व में SDRF रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई.
जानकारी करने पर पता चला कि एक व्यक्ति रात्रि में अपने वाहन को लेकर ऋषिकेश की ओर आ रहा था. इस व्यक्ति द्वारा रात 01 बजे अपने घर पर बात की गई थी. उसके बाद से व्यक्ति से संपर्क नहीं हो पाया था. आज सुबह SDRF टीम को सर्चिंग के दौरान अटाली गंगा के पास वाहन गिरने के निशान मिले. टीम द्वारा नदी में तलाश किया गया तो वाहन नदी में दिखाई दिया.
सुरक्षा के दृष्टिगत ढालवाला से SDRF की डीप डाइविंग टीम को मौके पर बुलाया गया. SDRF की डीप डाइविंग टीम ने गाड़ी के अंदर और आसपास सर्चिंग की. लेकिन कार चालक का पता नहीं चल पाया. SDRF टीम द्वारा अन्य संभावित स्थानों पर सर्च किया जा रहा है. लापता व्यक्ति का नाम अंकित चमोली है. 32 साल का अंकित नत्थनपुर, देहरादून का रहने वाला है.
टिहरी गढ़वाल के ही बूढ़ा केदार और चमियाल के बीच भी सड़क हादसा हुआ है. यहां एक यूटिलिटी वाहन खाई में गिर गया. हादसे में 2 लोग घायल हो गए. एसडीआरएफ ने 50 मीटर गहरी खाई में उतरकर घायलों का रेस्क्यू किया. घायलों की पहचान प्रकाश पुत्र भरत लाल उम्र 28 वर्ष जखन्याली घनसाली और प्रवेश नौटियाल पुत्र भानु प्रसाद नौटियाल निवासी जखन्याली घनसाली के रूप में हुई है.