देहरादून के रायपुर विधानसभा क्षेत्र में युवाओं को खेलों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी एवं खेल महाकुंभ 2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह दो दिवसीय खेल आयोजन 20 और 21 सितंबर 2026 को आयोजित किया गया।
विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी खेल महाकुंभ का आयोजन महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर, देहरादून में किया गया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना और उन्हें अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर उपलब्ध कराना था .

कार्यक्रम में रायपुर के विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं रायपुर क्षेत्र की प्रमुख क्षेत्र पंचायत सदस्य श्रीमती सरोजनी जखमोला विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
इस खेल महाकुंभ का आयोजन युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग, रायपुर, देहरादून की ओर से किया गया, जबकि खेल, शिक्षा एवं पंचायती राज विभाग का सहयोग रहा।

आयोजकों के अनुसार, ऐसे आयोजनों के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने तथा उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया।

दो दिवसीय इस खेल आयोजन में युवाओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। आयोजकों का कहना है कि खेलों के माध्यम से युवाओं को बेहतर मंच और अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में इस तरह के आयोजन आगे भी जारी रहेंगे।
