देहरादून। महंत इंद्रेश अस्पताल से आगे शनि मंदिर के सामने देहराखास जाने वाले चौराहे पर जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। तस्वीर देहराखास के शनि मंदिर के पास की है यहां दिन-रात लगने वाले जाम के कारण स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि कई बार जाम में एंबुलेंस तक फंस जाती हैं, जिससे मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में भी परेशानी हो जाती है।

स्थानीय लोगों के अनुसार शनि मंदिर के पास सड़क पर बने कट के कारण इस चौराहे पर यातायात का दबाव लगातार बना रहता है। देहराखास की ओर से आने-जाने वाले अधिकांश वाहन चालक इसी कट का इस्तेमाल करते हैं, जिसके चलते वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है और जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। यदि शनि मंदिर के सामने बने इस कट को बंद कर दिया जाए तो जाम की समस्या से काफी हद तक निजात मिल सकती है। कट बंद होने के बाद वाहन चालक पथरी बाग की ओर जाने वाले मार्ग से मुड़कर देहराखास की तरफ जा सकेंगे। इससे चौराहे पर वाहनों का दबाव कम होगा और यातायात व्यवस्था सुचारू हो सकेगी।
अब सवाल यह है कि क्या यातायात पुलिस और संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेकर कोई ठोस कदम उठाएंगे? स्थानीय लोग लंबे समय से जाम से राहत की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
