देहरादून। राजधानी देहरादून के माजरा स्थित अलका डेरी से शिमला बाईपास की ओर जाने वाले मार्ग की हालत पिछले करीब दो वर्षों से बदहाल बनी हुई है। सड़क लंबे समय से टूटी हुई पड़ी है है, सड़क में जगह-जगह पर गड्ढे हो गए हैं l लेकिन आज तक इसकी मरम्मत कराने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। सड़क की बदहाली के चलते स्थानीय लोगों के साथ-साथ इस मार्ग से रोजाना आवागमन करने वाले वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे गंभीर स्थिति बरसात के मौसम में पैदा होती है, जब सड़क पर पानी भरने से पूरा रास्ता तालाब में तब्दील हो जाता है। सड़क पर पानी की निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण जलभराव लंबे समय तक बना रहता है। हैरानी की बात यह है कि वर्तमान में बरसात का मौसम नहीं होने के बावजूद सड़क पर पानी जमा हुआ है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि बारिश के दिनों में यहां से गुजरना कितना मुश्किल हो जाता होगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर लंबे समय से परेशानी झेलनी पड़ रही है, लेकिन जनप्रतिनिधियों की ओर से इस समस्या के समाधान में कोई विशेष रुचि नहीं दिखाई जा रही है। क्षेत्रीय पार्षद और विधायक की कथित अनदेखी का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
सड़क पर बने गड्ढों और जमा पानी के कारण दोपहिया वाहन चालकों को विशेष रूप से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। वहीं, चारपहिया वाहनों को भी निकलने में काफी दिक्कत होती है।
अब सवाल यह उठता है कि क्या संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधि किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहे हैं? आखिर कब तक क्षेत्र की जनता इस बदहाल सड़क और जलभराव की समस्या से जूझती रहेगी?
रिपोर्टर राजू ठाकुर।
