उत्तराखंड की पहाड़ी महिलाओं एवं बेटियों को लेकर सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणियों का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। इस मामले में पार्षदों एवं कांग्रेस नेताओं सहित विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक पदाधिकारियों ने 17 नवंबर 2026 को एसपी सिटी, देहरादून को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बजरंग दल से जुड़े बताए जा रहे अमन स्वेडिया पर पहाड़ी महिलाओं एवं बेटियों को लेकर कथित तौर पर अपमानजनक, अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का आरोप लगाया गया है। ज्ञापन के अनुसार, सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में पहाड़ की लड़कियों को स्पा सेंटर में काम करने वाली और लव जिहाद जैसी गतिविधियों से जोड़कर कथित बयान दिए गए हैं।
इसके साथ ही पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर और नाबालिग पहाड़ी बालिकाओं को लेकर लगाए गए गंभीर आरोपों की भी निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
ज्ञापन में पुलिस प्रशासन से पांच प्रमुख मांगें रखी गई हैं। इनमें अमन स्वेडिया के कथित बयानों और सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो की तत्काल जांच, संबंधित वीडियो एवं डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखना, महिलाओं और पहाड़ी बेटियों के प्रति कथित अपमानजनक टिप्पणियों के संबंध में भारतीय न्याय संहिता एवं अन्य लागू कानूनों के तहत कार्रवाई, नाबालिग बालिकाओं से जुड़े आरोपों की बाल संरक्षण कानूनों के अनुरूप संवेदनशील जांच तथा पुलिस अधिकारी नरेश राठौर के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच शामिल है।
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधियों ने कहा कि उत्तराखंड की बेटियों का सम्मान और सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर महिलाओं और बेटियों की गरिमा को ठेस पहुंचाने तथा बिना प्रमाण गंभीर आरोप लगाकर उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
प्रतिनिधिमंडल ने एसपी सिटी से मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल संज्ञान लेने, प्राथमिकी दर्ज करने और नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई करने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने वालों में शामिल रहे:
1. आयुष गुप्ता – पार्षद
2. रोबिन त्यागी – पार्षद
3. विनीत प्रसाद भट्ट – प्रदेश सचिव, कांग्रेस
4. सिद्धार्थ अग्रवाल – पूर्व अध्यक्ष, डीएवी पीजी कॉलेज
5. अभिषेक डोबरियाल – पूर्व महानगर अध्यक्ष, एनएसयूआई
6. प्रियांशु गौड़ – महानगर उपाध्यक्ष, यूथ कांग्रेस
