राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 20 से 22 नवंबर तक तीन दिवसीय उत्तराखंड प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वह रुड़की (हरिद्वार) में क्षेत्र और प्रांत स्तर के प्रमुख पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठकें करेंगे। बैठकों में संघ की गतिविधियों की समीक्षा, आगामी कार्ययोजना और शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों पर चर्चा होगी।
प्रवास के दौरान सामाजिक परिवर्तन से जुड़े संघ के पांच प्रमुख विषयों—सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, स्वदेशी और नागरिक कर्तव्य—को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने की रणनीति पर भी मंथन किया जाएगा। इसके साथ ही देशव्यापी नशामुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर रहेगा।
वहीं, डॉ. भागवत हरिद्वार स्थित गायत्री तीर्थ शांतिकुंज के शताब्दी समारोह में भी शामिल हो सकते हैं। आध्यात्मिक चेतना, शिक्षा, संस्कार और सामाजिक सुधार के क्षेत्र में गायत्री परिवार की भूमिका को देखते हुए उनके इस कार्यक्रम को खास महत्व दिया जा रहा है।
