ऊधमसिंह नगर के किच्छा में नगर पालिका चुनाव के दौरान विधायक तिलक राज बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के समर्थकों के बीच हुए विवाद के विरोध में बुधवार को देहरादून में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। डीएवी (पीजी) कॉलेज के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार का पुतला दहन किया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि किच्छा में नगर पालिका चुनाव को लेकर विधायक तिलक राज बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की के बाद हाथापाई की स्थिति बन गई। इस दौरान विधायक बेहड़ को थप्पड़ मारने की खबर भी सामने आई है.
घटना के बाद विधायक तिलक राज बेहड़ मंडी परिसर में धरने पर बैठ गए, जबकि पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने भी अलग स्थान पर धरना दिया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस द्वारा दोनों पक्षों को हिरासत में लिए लिया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि इस पूरे घटनाक्रम से लोकतांत्रिक व्यवस्था और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल खड़े हुए हैं।
इसी के विरोध में देहरादून में आयोजित पुतला दहन कार्यक्रम में एडवोकेट रॉबिन त्यागी, पार्षद नगर निगम देहरादून, विनीत प्रसाद भट्ट (बंटू), उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी, अतुल सक्सेना, रायपुर विधानसभा अध्यक्ष युवा कांग्रेस उत्तराखंड, हिमांशु रावत, अनुराग करणवाल, शौर्य सक्सेना सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किच्छा प्रकरण की निष्पक्ष जांच और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित किए जाने की मांग उठाई।
