हल्द्वानी हिंसा: हिंसा में छह करोड़ की संपत्ति के नुकसान का लगा अनुमान

अतिक्रमण हटाने को लेकर हल्द्वानी के बनभूलपुरा में मचा बवाल एक बड़ी हिंसा के रूप में कब बदल गया किसी को यह समझने का मौका तक नहीं मिला। पलक झपकते ही बनभूलपुरा में अग्निकांड की तबाही मच गई जिससे सरकारी संपत्ति, नगर निगम और पुलिस की संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है। जब निगम द्वारा अपनी सम्पति के नुकसान का आकलन लगाया गया तो करीब पांच करोड़ की संपत्ति के नुकसान का पता चला। वही एक करोड़ का नुकसान सरकारी और पुलिस की संपत्ति का है।

नगर निगम की टीम दिन भर बनभूलपुरा थाने के सामने जले हुए वाहन और सड़कों पर पड़ी राख को हटाती रही। जले हुए वाहनों को अग्निशमन विभाग के मैदान में रखा गया है। बनभूलपुरा थाने में भी सामान रीस्टोर किया जा रहा है। और करीब एक सप्ताह में थाना पहले के रूप में आ जाएगा।

सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट ने बताया कि उनकी एक जेसीबी, एक ट्रैक्टर-ट्राली, एक टाटा एस, दो योद्धा वाहन, किराए पर ली गईं दो जेसीबी, कई सफाई रिक्शा जलाए और तोड़े गए हैं। निगम के अधिकतर वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए हैं। वहीं एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने बताया कि पुलिस विभाग को कितना आर्थिक नुकसान हुआ है। इसका आंकलन किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार पर प्रदेश के समस्त जिलों के प्रशासन अलर्ट पर हैं। हल्द्वानी में पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है, जिले के सभी बॉर्डर पर चेकिंग अभियान तेज किया गया है और प्रदेश में प्रवेश करने वाले वाहनों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। जिले में कई घनी आबादी वाले क्षेत्र में पुलिस विभाग अपनी पैनी नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *