हल्द्वानी हिंसा के मास्टरमाइंड अब्दुल मलिक की बेगम साफिया की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर सरकारी भूमि पर कब्जा करने और उसे खुर्द-बुर्द करने की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है। इस मामले में वनभूलपुरा हिंसा के मास्टरमाइंड बताए जा रहे वांछित आरोपी अब्दुल मलिक के साथ-साथ उसकी पत्नी साफिया मलिक को भी नामजद किया है।इसके बाद से पुलिस ने मामले की गहराई से तफ्तीश शुरू कर दी है। आरोपी दंपति की संपत्ति के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। बता दें कि वनभूलपुरा हिंसा के बाद से जहां अब्दुल मलिक फरार चल रहा है, वहीं उसकी पत्नी साफिया भी घर पर नहीं है।
मलिक और उसकी पत्नी साफिया के खिलाफ गुरुवार को कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज किया था। इन दोनों के अलावा मामले में चार अन्य लोग भी नामजद किए गए हैं। इस मामले की जांच कोतवाली के एसएसआई महेंद्र प्रसाद को दी है।मृत व्यक्ति के नाम से फर्जी दस्तावेज लगाकर मलिक का बगीचा पर कब्जा करने और उसी मृत व्यक्ति के नाम से बने दस्तावेजों के साथ कोर्ट में याचिका दाखिल करने के आरोपों की जांच की जा रही है। मामले में मलिक की संलिप्तता ने पुलिस की गंभीरता को और भी बढ़ा दिया है।