पुरानी पेंशन के लिए वर्षो से संघर्षरत सीमांत के कुछ शिक्षकों को आखिरकार राहत मिली है। शासनस्तर से 110 प्राथमिक शिक्षकों को पुरानी पेंशन का लाभ देने पर सहमति बनी है। बकाएदा शासनस्तर से उक्त शिक्षकों के नामों की सूची भी जारी कर दी गई है।
पुरानी पेंशन का लाभ मिलने शिक्षकों सहित आंदोलन कर रहे विभिन्न संगठनों में खुशी व्याप्त है।शासनस्तर से 21सितंबर 2005 को प्राथमिक शिक्षक भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी हुई। जिसमें जिले के 110 शिक्षकों को चयनित किया गया। चयनित एक शिक्षक ने बताया कि विभागीय लेट लतीफी से उक्त सभी शिक्षकों की नियुक्ति तिथि सात अक्तूबर को हुई, लेकिन इस बीच एक अक्तूबर को एनपीएस लागू होने से वह भी पुरानी पेंशन योजना से वंचित हो गए।
उन्होंने इस मामले को विभागीय उच्चाधिकारियों को समक्ष रखा, लेकिन कोई राहत नहीं मिली। करीब आठ से दस वर्ष पूर्व शिक्षकों ने न्यायालय की शरण ली। उन्होंने बताया कि न्यायालय का फैसला पहले सिंगल और डबल बैंच में शिक्षकों के हित में आया। बाद में सरकार ने फैसले को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का रूख किया। वर्तमान में भी मामला विचाराधीन है। बताया कि दिसंबर 2023 में केंद्र सरकार की पहल पर उक्त सभी शिक्षकों को विकल्प पत्र भेजे गए।
जिसमें उनसे नई व पुरानी पेंशन में शामिल होने का विकल्प चुनाव करने को कहा गया। अब बीते 26सितंबर को उक्त शिक्षकों को शासनस्तर से पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने के लिए स्वीकृति प्रदान हुई है।जनपद में आज कर्मचारी मनाएंगे काला दिवस पिथौरागढ़। जनपद में कर्मचारी एनपीएस लागू होने को आज काला दिवस के तौर पर मनाएंगे। जिले भर में कर्मचारी अपने-अपने कार्यस्थल में ही बांह में काला फीता बांधकर कार्य करेंगे और एनपीएस की प्रतियां जलाएंगे।
पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) के यह हैं लाभ
– रिटायरमेंट के बाद, कर्मचारियों को उनके आखिरी वेतन का 50फीसदी मासिक पेंशन के तौर पर मिलेगा
– डीए दरों में बढ़ोतरी के साथ-साथ पेंशन राशि भी बढ़ती रहेगी
– रिटायरमेंट पर, कर्मचारियों को अधिकतम 20 लाख रुपये का ग्रेच्युटी
– अगर किसी रिटायर कर्मचारी की मृत्यु हो जाती है, तो उसके परिवार को भी पेंशन सुविधा
कुछ और कर्मचारियों को भी जल्द मिल सकती है राहत
पुरानी पेंशन योजना के लिए लड़ाई लड़ रहे विभिन्न विभागों के कुछ और कर्मचारियों को भी जल्द शासनस्तर से राहत मिल सकती है। पुरानी पेंशन योजना के दायरे में आए शिक्षकों की तरह ही विभिन्न विभागों में कार्यतर कर्मचारियों के मामलें शासनस्तर में लंबित चल रहे हैं।ा
कुछ शिक्षकों को पुरानी पेंशन में शामिल करके सरकार ने जरूर राहत पहुंचाई है। उक्त शिक्षकों को बधाई है। जब तक सभी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ नहीं दिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।
प्रवीण रावल, जिला मंत्री राजकीय शिक्षक संघ पिथौरागढ़।
शासनस्तर से शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने के लिए आदेश जारी हुआ है। उक्त सभी शिक्षक प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत हैं।