Doon Animal Welfare की गौशाला में आज एक गंभीर हालत में मिली गाय की जटिल लेज़र सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। यह गाय कई महीनों से Uterine Prolapse की पीड़ा झेल रही थी, जिसमें उसकी बच्चेदानी पूरी तरह बाहर निकलकर जमीन तक लटक रही थी और कठोर हो चुकी थी। अत्यधिक प्रसव तनाव, कैल्शियम की भारी कमी और लंबे समय तक बिना इलाज के रहने से स्थिति बेहद भयावह बन गई थी। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी एस.के. जोशी के मार्गदर्शन में पशुपालन विभाग के डॉक्टर साजिद अली (प्रेमनगर) और डॉक्टर ईमरान अली (बालावाला) तुरंत गौशाला पहुंचे और दोनों ने मिलकर अत्यंत जटिल लेज़र सर्जरी को अंजाम दिया।

कमजोर हालत, खून बहने और इंफेक्शन के गंभीर खतरे के बावजूद डॉक्टरों ने अपनी विशेषज्ञता और समर्पण से न सिर्फ सर्जरी सफल की, बल्कि गाय को नई जिंदगी दे दी। ऑपरेशन के बाद गाय सुरक्षित है, होश में है और रिकवरी की ओर बढ़ रही है। पिछले एक साल में पशुपालन विभाग की मदद से Doon Animal Welfare गौशाला में 56 सफल सर्जरी की जा चुकी हैं, जिससे यह गौशाला अब गायों का एक उन्नत चिकित्सालय बन चुकी है।