उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, अल्मोड़ा के सल्ट में गहरी खाई में गिरी यात्री बस, 36 लोगों की मौत

उत्तराखंड के अल्मोड़ा में बड़ा सड़क हादसा हुआ है. यहां एक बस सल्ट तहसील के मारचूला स्थित कूपी गांव के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई. हादसे में 36 लोगों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि बस में 50 से ज्यादा यात्री सवार थे. बस गढ़वाल मोटर ऑनर्स यूनियन लिमिटेड की बताई जा रही है. वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सीएम पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है. वहीं सीएम धामी ने हादसे में गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट करने के भी निर्देश दिए हैं.

वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने अल्मोड़ा सल्ट हादसे पर दुख जताया है. साथ ही हुए मृतकों के परिजनों को पीएम राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की. सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अल्मोड़ा सल्ट बस हादसे पर सचिव आपदा प्रबंधन, आयुक्त कुमाऊं मंडल और डीएम अल्मोड़ा से फोन पर बात की. साथ ही सीएम ने घटना की जानकारी लेते हुए बचाव और राहत कार्य में तेजी से करने के निर्देश दिए. एसडीआरएफ व एनडीआरएफ की टीम राहत बचाव कार्य में जुटी है.

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी और अल्मोड़ा के संबंधित क्षेत्र के एआरटीओ प्रवर्तन को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही सीएम ने मृतक परिजनों को 4-4 लाख रुपये और घायलों को 1-1 लाख रुपये की सहायता राशि देने के निर्देश दिए. साथ ही आयुक्त कुमाऊं मंडल को घटना की मजिस्ट्रेट जांच के निर्देश दिए हैं.

अल्मोड़ा एसएसपी देवेंद्र पींचा ने कहा कि दुर्घटना की जांच कराई जा रही है. उन्होंने कहा कि मृतकों की संख्या मौके पर 28 है, जबकि 30 घायलों को उपचार के लिए रामनगर संयुक्त चिकित्सालय भेजा था, जिसमें 8 लोगों की उपचार के दौरान मौत की सूचना है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *