उत्तराखंड के चमोली में भीषण सड़क हादसा हुआ है. जहां एक कार गहरी खाई में जा गिरी. इस हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. मौसम खराब होने की वजह से हादसे की जानकारी प्रशासन को देर से चली. तेज आंधी तूफान और बारिश के बीच ही रेस्क्यू अभियान को अंजाम दिया गया. वहीं, इस हादसे पर सीएम धामी ने गहरा शोक जताया है.
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा बिरही-निजमूला मोटर मार्ग पर हुआ है. जहां गाड़ी गांव के पास कोरेलधार में एक कार गहरी खाई में जा गिरी. हादसे में कार सवार सभी पांचों लोगों की मौत की सूचना है. मौके के लिए चमोली थाने से पुलिस की टीम रवाना हो चुकी है. क्षेत्र में भारी बारिश के चलते रेस्क्यू कार्यों में काफी दिक्कतें आईं.
बताया जा रहा है कि ये सभी लोग निजमूला क्षेत्र से किसी शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे. जो दशोली विकासखंड के हरमनी गांव जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हादसे का शिकार हो गए. घटना देर शाम की बताई जा रही है, लेकिन आंधी तूफान और बारिश के चलते किसी को भी घटना के बारे में सूचना नहीं मिल पाई.