पर्यटन नगरी मसूरी में एक ऐसा हादसा होते-होते बचा, जो एक बड़े हादसे का रूप ले सकता था. अपर मॉल रोड पर स्थित लिटिल लामा रेस्टोरेंट के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक लापरवाह जीप चालक ने सड़क किनारे खड़े दोपहिया वाहनों को टक्कर मारते हुए दो महिलाओं को भी अपनी चपेट में ले लिया. गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई. पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार शाम अपर मॉल रोड पर एक जीप चालक नियंत्रण खो बैठा और तेजी से खड़ी बाइकों को टक्कर मारते हुए सामने से आ रही दो महिलाओं की ओर बढ़ गया. इस हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि दूसरी महिला बाल-बाल बची. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई. लेकिन इससे पहले कि कोई जीप चालक को पकड़ पाता, वह भीड़ देखकर मौके से फरार हो गया.
हादसे की सूचना मिलते ही मसूरी कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल महिला को नजदीकी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया गया. मसूरी कोतवाली एसएसआई कृष्ण कुमार ने बताया कि पुलिस ने जीप को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक को भी गिरफ्त ले लिया है. हालांकि घायलों की तरफ से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है. तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा. फिलहाल पुलिस नियामानुसार आगे की कार्रवाई कर रही है.
मौके पर मौजूद स्थानीय दुकानदार ने बताया, जीप की रफ्तार ज्यादा नहीं थी. वरना हादसा बहुत बड़ा हो सकता था. सड़क पहले ही बहुत संकरी हो गई है. एक तरफ दुकानें और दूसरी तरफ खड़े वाहन, इससे पैदल चलने वालों के लिए रास्ता ही नहीं बचता. उन्होंने बताया कि अपर मॉल रोड पर सड़क किनारे अवैध पार्किंग, वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही और संकरी सड़कों पर बड़े वाहनों का संचालन पैदल यात्रियों के लिए खतरा बनता जा रहा है.
स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों दोनों की सुरक्षा को देखते हुए लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि सड़क किनारे खड़े दोपहिया और चौपहिया वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई हो. नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि ट्रैफिक नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके.