देहरादून: वीकेंड पर ट्रैफिक जाम से बचने के लिए पुलिस ने लागू किए नए यातायात प्लान

बीते सप्ताह वीकेंड पर देहरादून समेत आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी, जिसके कारण शहरभर में ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। खासकर ऋषिकेश और मसूरी जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई थीं, और वाहन रेंग-रेंग कर चल रहे थे। ऐसे में पुलिस प्रशासन ने ट्रैफिक की सुगम और व्यवस्थित आवाजाही के लिए कुछ विशेष बदलाव किए हैं, ताकि आगामी वीकेंड पर ऐसी स्थिति से बचा जा सके।

पुलिस प्रशासन ने इस बार भारी वाहनों के लिए विशेष यातायात योजना बनाई है, ताकि ट्रैफिक की स्थिति पर काबू पाया जा सके और शहर के प्रमुख क्षेत्रों में भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जा सके। रायपुर क्षेत्र से ऋषिकेश जाने वाले भारी वाहनों को मालदेवता चैक पोस्ट और राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम तिराहा के पास स्थित ग्राउंड में रोका जाएगा। इन वाहनों को रानीपोखरी में भी रोकने की व्यवस्था की गई है, जिससे ऋषिकेश जाने वाले भारी वाहनों का दबाव कम हो सके।

इसके अलावा, पटेल नगर क्षेत्र में भारी वाहनों को नया गांव और ट्रांसपोर्ट नगर पर ही रोक कर शहर में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। वहीं, डोईवाला क्षेत्र में भारी वाहनों को लालतप्पड, भानियावाला सर्विस लेन, हर्रावाला और कुंआवाला पर ही रोका जाएगा, और उन्हें शहर में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसी प्रकार, सहसपुर क्षेत्र में भी भारी वाहनों को धर्मावाला और सभावाला पर ही रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

  1. हरिद्वार की तरफ से आने वाले हल्के वाहन: यदि शहर में दबाव ज्यादा होता है, तो हरिद्वार की तरफ से आने वाले हल्के वाहनों को भानियावाला तिराहा और डोईवाला से डायवर्ट कर दुर्गा चौक, भूईंयां मंदिर, थानों रोड, महाराणा प्रताप चौक, मालदेवता, और कृषाली चौक होते हुए मसूरी की तरफ भेजा जाएगा।
  2. ऋषिकेश की तरफ से आने वाले हल्के वाहन: ऋषिकेश से आने वाले हल्के वाहनों को एयरपोर्ट तिराहा से डायवर्ट कर एसडीआरएफ तिराहा, थानों रोड, महाराणा प्रताप चौक, मालदेवता, और कृषाली चौक होते हुए मसूरी भेजा जाएगा।
  3. आशारोडी की तरफ से आने वाले हल्के वाहन: यदि देहरादून शहर में ट्रैफिक दबाव बढ़ता है, तो आशारोडी की तरफ से आने वाले हल्के वाहनों को शिमला बाईपास, सेंट ज्यूड चौक, कमला पैलेस, बल्लूपुर चौक, कैंट चौक, सीएसडी तिराहा, रोवर्स केव होते हुए किमाडी रोड से मसूरी भेजा जाएगा।
  4. पंवाटा साहिब की तरफ से आने वाले हल्के वाहन: अगर देहरादून शहर में अत्यधिक दबाव होता है तो जो हल्के वाहन पंवाटा साहिब की तरफ से जनपद देहरादून की सीमा में प्रवेश करेंगे, उन्हें विकासनगर से डायवर्ट कर यमुना पुल, कैम्पटी फाल होते हुए मसूरी भेजा जाएगा।
  5. ऋषिकेश और हरिद्वार जाने वाले हल्के वाहन: रिस्पना और जोगीवाला क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ने पर जिन हल्के वाहनों को ऋषिकेश और हरिद्वार जाना है, उन्हें कारगी चौक से दूधली की तरफ डायवर्ट कर डोईवाला होते हुए ऋषिकेश और हरिद्वार भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *