उत्तरकाशी की निर्माणाधीन सुरंग में हुए हादसे में फंसे 41 श्रमिक आज बाहर आ सकते हैं। रेस्क्यू का आज 13वां दिन है और माना जा रहा है कि अगले 5-6 घंटे मे फंसे हुए मजदूरों को बाहर निकाल लिया जाएगा।
इस बीच NDRF ने अपनी पूरी तैयारी कर ली है, जैसे ही पाइप सुरंग के आर पार हो जाएगा, वैसे ही NDRF की टीम सुरंग में फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुट जाएगा। पाइप के रास्ते मजदूरों को बाहर निकालने के लिए पहिए वाले स्ट्रेचर के जरिए रस्सी से उन्हें बाहर एक एक कर खींचा जाएगा, एनडीआरएफ ने इसका डेमो भी कर लिया है।
उत्तरकाशी सिलक्यारा टनल में फंसे श्रमिकों के स्वास्थ्य को लेकर भी प्रधानमंत्रीनरेंद्र मोदी बेहद संवेदनशील हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रोजाना सिलकयारा टनल में फंसे 41 श्रमिकों एवं उनके परिजनों के बारे में मुख्यमंत्री पुष्कर धामी को फोन कर अपडेट ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बातचीत में प्रधानमंत्री ने बचाव कार्य में उत्पन्न होने वाली बाधा और रुकावट के बारे में विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें अवगत कराया कि न्यू ऑस्ट्रियन टनल मेथड से इस सुरंग का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस्पात से बनी वस्तुओं के ऑगर मशीन के सामने आने पर कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही है। ऐसे में ऑगर मशीन को रोककर और फिर उसे बाहर निकालकर सभी अवरोधों को श्रमिकों द्वारा दूर किया जा रहा है, जिसके कारण इस प्रक्रिया में समय लग रहा है।