देहरादून: पटेलनगर के 14 लाख रुपये की कथित लूट मामले में बड़ा मोड़ सामने आया है।** बजरंग दल की शिकायत और पुलिस कार्रवाई पर उठे सवालों के बाद एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने मामले की जांच नगर क्षेत्र से हटाकर देहात क्षेत्र को सौंप दी है। अब एसपी देहात जया बलूनी के निर्देशन में पूरे प्रकरण की जांच की जाएगी।
एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच होगी। जांच में यदि कोई पुलिस अधिकारी भी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, 7 नवंबर को छोटी दिवाली के दिन पटेलनगर क्षेत्र में इंद्रेश अस्पताल के पास 14 लाख रुपये की कथित लूट की घटना सामने आई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस, चश्मदीदों के बयान और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से करीब 3 लाख 2 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।
इसी मामले में बजरंग दल से जुड़े कार्यकर्ता सिद्धांत बड़ोनी की गिरफ्तारी के बाद विवाद बढ़ गया था। संगठन ने गिरफ्तारी और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी। इस संबंध में संगठन की ओर से पुलिस कार्यालय पहुंचकर शिकायत भी दी गई थी।
अब जांच के इन अहम सवालों पर रहेगी नजर
14 लाख रुपये की कथित लूट की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं? गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका क्या रही? बरामद रकम के अलावा शेष धनराशि कहां गई? और पुलिस की कार्रवाई को लेकर लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है?
इन सभी पहलुओं की जांच अब एसपी देहात जया बलूनी के निर्देशन में होगी। नए जांच अधिकारी और जांच की दिशा के बाद अब इस मामले के नतीजों पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
