देहरादून। अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहे प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। 18 नवंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच के दौरान पुलिस कार्रवाई और कथित लाठीचार्ज से आहत पीआरडी जवानों ने सरकार के खिलाफ अपना विरोध जारी रखते हुए शुक्रवार को पीआरडी कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया। वहीं शनिवार को हजारों की संख्या में जवानों ने गांधी पार्क से परेड ग्राउंड तक पैदल कैंडल मार्च निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
पीआरडी जवानों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। जवानों के अनुसार, 18 नवंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच के दौरान उनके साथ बर्बरतापूर्ण व्यवहार किया गया और लाठी-डंडे बरसाए गए। इस कार्रवाई से जवानों में भारी आक्रोश है।
शुक्रवार को पीआरडी कार्यालय में आयोजित धरना-प्रदर्शन के दौरान जवानों ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। इसके बाद शनिवार को निकाले गए कैंडल मार्च में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में पीआरडी जवान शामिल हुए। हाथों में जलती मोमबत्तियां लेकर जवानों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को उठाया और सरकार से शीघ्र न्याय की मांग की।
कैंडल मार्च में प्रदेश अध्यक्ष किशन सिंह रावत, जिला महासचिव वीर सिंह रावत, जिला अध्यक्ष नवीन बिष्ट, मीडिया प्रभारी विनोद तोमर, दीपा रावत, सुधीर तोमर, अंकित तोमर, दिनेश चौहान, कृपाराम शर्मा और वीरेंद्र सिंह सहित अनेक पदाधिकारी एवं पीआरडी जवान मौजूद रहे। जवानों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी दो सूत्रीय मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
रिपोर्टर राजू ठाकुर
