बीयर की ओवर रेटिंग को लेकर ठेके पर भिड़े दो पक्ष, जमकर चले लात-घूंसे, मुकदमा दर्ज

राजधानी देहरादून में अंग्रेजी शराब की दुकान पर बीयर की ओवररेटिंग को लेकर विवाद हो गया. कहासुनी से शुरू हुआ ये विवाद मारपीट तक पहुंच गया था, जिसका वीडियो भी सामने आया है. मामला देहरादून के पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र के निरंजनपुर मंडी इलाके का है. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, तोड़फोड़ समेत कई आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी. पुलिस ने दोनों शिकायतों के आधार पर क्रॉस मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस को दी तहरीर के मुताबिक बंटी सक्सेना अपने दोस्त साहिब के साथ 14 सितंबर की रात करीब 8:40 बजे निरंजनपुर मंडी स्थित शराब की दुकान पर बीयर लेने पहुंचा था. बंटी का आरोप है कि दुकान कर्मचारियों ने बीयर की प्रिंट कीमत से अधिक रकम मांगी. इसका साहिब ने विरोध किया, जिसके बाद दोनों की कर्मचारियों से कहासुनी हो गई.

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दुकान के 4-5 कर्मचारियों ने दोनों युवकों के साथ मारपीट शुरू कर दी. बंटी सक्सेना ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों ने उसे और उसके दोस्त को दुकान के अंदर खींच लिया और मारपीट की. इस दौरान उसके सिर में चोट आई, जिस पर तीन टांके लगाए गए. शिकायत में हाथ की दो उंगलियों में चोट लगने और उनके काम नहीं करने का भी दावा किया गया है. डॉक्टरों ने उसे सीटी स्कैन कराने की सलाह दी है.

वहीं लाल पुल स्थित शराब की दुकान के प्रतिनिधि अमित रावत ने भी पुलिस को तहरीर दी. इसमें बंटी सक्सेना, साहिब और उनके साथियों पर कर्मचारियों से मारपीट और दुकान में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया गया है.

तहरीर के मुताबिक आरोपियों ने शराब की बोतलें, पीओएस मशीन और कूलर फेंककर नुकसान पहुंचाया. दुकान पक्ष ने कर्मचारियों को चोट पहुंचाने और करीब दो घंटे तक बंधक बनाए रखने का भी आरोप लगाया है.

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दुकान के अंदर कुछ लोगों द्वारा युवकों के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं. वहीं दुकानदार पक्ष का आरोप है कि युवकों ने घटना का एक-तरफा वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया और ब्लैकमेल करने का प्रयास किया. पुलिस वायरल वीडियो और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है.

सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि कोतवाली पटेल नगर पुलिस ने बंटी सक्सेना और अमित रावत की शिकायत पर दोनों पक्षों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है. जांच में विवाद की शुरुआत, मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका और लगाए गए आरोपों की वास्तविकता सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *