देहरादून। अंकिता भंडारी के माता-पिता को कथित रूप से जबरन गिरफ्तार किए जाने और डराने-धमकाने के आरोपों को लेकर देहरादून के अधिवक्ता एवं धर्मपुर विधानसभा से विधायक प्रत्याशी संदीप मोहन चमोली ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने इस कार्रवाई को दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा दिल्ली पुलिस से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर न्याय की मांग कर रहे पीड़ित परिवार के साथ इस तरह का व्यवहार क्यों किया जा रहा है?
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक को अपनी बात रखने और न्याय की मांग करने का अधिकार है। पीड़ित परिवार के साथ इस प्रकार का व्यवहार किसी भी स्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा पीड़ित परिवार को सुरक्षा और न्याय दिलाने की मांग की।
रिपोर्टर राजू ठाकुर
