शहर की प्रमुख सड़कों की बदहाल स्थिति को प्रमुखता से प्रकाशित करने के बाद ‘गूंज केसरी’ की खबर का असर देखने को मिला है। पेयजल संस्थान तथा यूपीएससी द्वारा पाइपलाइन बिछाने एवं अंडरग्राउंड बिजली के तार डालने के बाद कई स्थानों पर सड़कें खोदकर खुली छोड़ दी गई थीं, जिससे आम जनता और वाहन चालकों को लंबे समय से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
‘गूंज केसरी’ के पत्रकार राजू ठाकुर द्वारा खबर को प्रमुखता से दिखाने के बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने कार्रवाई करते हुए पटेल नगर, सहारनपुर चौक, ई.सी. रोड, एसबीआई बैंक के सामने वाली सड़क तथा धर्मपुर स्थित प्राचीन शिव मंदिर के सामने की सड़क सहित कई स्थानों पर मरम्मत कार्य पूरा कर दिया है।
सड़कों की मरम्मत होने से अब वाहन चालकों को गड्ढों और उखड़ी हुई सड़कों से राहत मिली है। वहीं धूल उड़ने की समस्या में भी कमी आई है, जिससे स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों ने संतोष व्यक्त किया है।
स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि भविष्य में विभिन्न विभाग सड़क खोदने के बाद उसे लंबे समय तक खुला न छोड़ें, बल्कि निर्धारित समय सीमा के भीतर मरम्मत कार्य पूरा करें, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।