देहरादून। राजधानी देहरादून के रेलवे स्टेशन के बाहर जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों से यात्रियों के उतरते ही सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। रेलवे स्टेशन से लेकर त्यागी रोड चौक तक अक्सर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। इस जाम के कारण स्थानीय लोगों, यात्रियों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार के सामने और आसपास भी अव्यवस्थित तरीके से वाहनों की पार्किंग जाम का एक बड़ा कारण बनी हुई है। कई लोग अपने वाहनों को सड़क किनारे या रास्ते में खड़ा करके चले जाते हैं, जिससे सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और यातायात बाधित होता है। खासतौर पर ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान के समय स्थिति और अधिक बिगड़ जाती है।

गौरतलब है कि रेलवे स्टेशन पर बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए रेलवे स्टेशन को हर्रावाला शिफ्ट करने की पहल भी की गई थी, लेकिन इस योजना को लेकर वर्षों बीत जाने के बावजूद रेलवे स्टेशन अभी तक शिफ्ट नहीं हो पाया है। ऐसे में पुराने रेलवे स्टेशन के आसपास जाम की समस्या लगातार बनी हुई है।
अब सवाल यह है कि आखिर रेलवे स्टेशन के बाहर लगने वाले इस जाम से शहरवासियों और यात्रियों को कब राहत मिलेगी? क्या यातायात पुलिस और संबंधित विभाग अवैध पार्किंग पर प्रभावी कार्रवाई करेंगे और रेलवे स्टेशन के आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए कोई ठोस योजना तैयार करेंगे?
रिपोर्टर राजू ठाकुर।
