देहरादून। पूरे भारतवर्ष में 8 नवंबर को दीपावली का पर्व बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दीपावली के अवसर पर बाजारों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में जमकर खरीदारी हुई। लोगों ने मिठाइयों, सजावटी सामान और आतिशबाजी की खूब खरीदारी की। वहीं, रात करीब 7:30 बजे के बाद देहरादून शहर में आतिशबाजी का दौर शुरू हुआ, जो देर रात लगभग एक बजे तक जोर-शोर के साथ चलता रहा।
दीपावली पर जहां पटाखों की तेज आवाज से आमतौर पर कुत्ते और अन्य पालतू जानवर डर जाते हैं, वहीं देहरादून के प्रेम नगर के विंग नंबर-5 निवासी दिनेश उनियाल की पालतू कुतिया जूली का अंदाज बिल्कुल अलग है। महज दो साल की जूली पटाखों की तेज आवाज से बिल्कुल नहीं घबराती। इतना ही नहीं, वह जलते हुए पटाखों के आसपास खेलने का प्रयास करती है और उन्हें मुंह से पकड़ने की कोशिश भी करती है।
दिनेश उनियाल के अनुसार, जूली बचपन से ही पटाखों की आवाज से नहीं डरती है। वह उनके परिवार के साथ बचपन से रह रही है और परिवार के एक सदस्य की तरह है। जूली को घर के सामान्य भोजन के साथ-साथ फास्ट फूड खाना भी बेहद पसंद है। दीपावली के मौके पर जूली का यह अनोखा अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
