ऋषिकेश में पकड़ी गई बांग्लादेशी महिला, भारत समेत दो देशों के पहचान पत्र बरामद

देहरादून जिले के ऋषिकेश पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए अवैध रूप से भारत में रह रही एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया है. महिला के पास से पश्चिम बंगाल के पते पर बना फर्जी आधार कार्ड और बांग्लादेशी पहचान पत्र बरामद हुआ है.

मामले का खुलासा करते हुए सीओ नीरज सेमवाल ने बताया कि, 15 अप्रैल को स्थानीय अभिसूचना इकाई (लोकल इंटेलिजेंस यूनिट) को ऋषिकेश क्षेत्र में एक बांग्लादेशी नागरिक के अवैध रूप से निवास करने की गुप्त सूचना मिली. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल एक संयुक्त टीम का गठन किया गया. ​पुलिस टीम ने नटराज चौक क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया. इस दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर गेट नंबर-3 डग रोड के पास से संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया गया.

पूछताछ के दौरान महिला ने अपनी पहचान रीना उर्फ रीता निवासी जिला सरियातपुर, ढाका, बांग्लादेश के रूप में बताई. महिला ने खुलासा किया कि वह करीब एक महीने पहले रिपोन नामक व्यक्ति की मदद से अवैध रूप से भारतीय सीमा में दाखिल हुई. रिपोन ने सोशल मीडिया के माध्यम से उससे संपर्क किया और भारत में अच्छे रोजगार का झांसा दिया. भारत आने के बाद महिला ने अपनी पहचान छिपाने के लिए पश्चिम बंगाल में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर एक भारतीय आधार कार्ड बनवाया. वह 13 अप्रैल को दिल्ली से बस के जरिए ऋषिकेश पहुंची.

पुलिस ने महिला के कब्जे से ​बांग्लादेश का राष्ट्रीय पहचान पत्र,​ फर्जी भारतीय आधार कार्ड, ​बांग्लादेशी नागरिकता प्रमाण पत्र की छायाप्रति और एक मोबाइल बरामद किया है. कोतवाली ऋषिकेश में महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस पूछताछ के साथ आगे की जांच में जुट गई है और महिला को कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है.

गौर है कि 2022 में भी ऋषिकेश से बांग्लादेशी महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया था. महिला 2014 से ऋषिकेश में रह रही थी. महिला ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर वोटर कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड और स्थाई निवास प्रमाण पत्र भी बनवा लिया था और फिर उन दस्तावेजों से भारत का पासपोर्ट बनवाया था.

Also read this news: मूर्ति स्थापना पर हंगामा, उत्तराखंड में नेताओं में भिड़ंत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *