गोपाष्टमी के पावन अवसर पर बजरंग दल के साप्ताहिक मिलन में गौ पूजन, सामूहिक हनुमान चालीसा, शिव पंचाक्षर स्तोत्र एवं बजरंग बाण पाठ कर दिया सनातन एकता का संदेश।
देहरादून। बजरंग दल द्वारा संचालित साप्ताहिक मिलन केंद्र के अंतर्गत आज मंगलवार को घंटाघर प्रांगण में साप्ताहिक मिलन का आयोजन श्रद्धा, उत्साह एवं भक्तिमय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा, शिव पंचाक्षर स्तोत्रम् एवं बजरंग बाण के पाठ से हुआ। इसके पश्चात सामूहिक आरती कर समाज के उत्थान, सुख-समृद्धि, सर्वकल्याण एवं सनातन समाज की एकजुटता के लिए प्रार्थना की गई।
गोपाष्टमी के पावन पर्व पर विशेष रूप से गौ माता का विधि-विधान से पूजन किया गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने गौ माता को तिलक लगाकर गुड़ एवं चने का भोग अर्पित किया तथा श्रद्धापूर्वक गौ पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर आचार्य योगेश कुकरेती ने गोपाष्टमी के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सनातन संस्कृति में गौ माता को अत्यंत पूजनीय स्थान प्राप्त है। गौ पूजन हमें सेवा, करुणा, समर्पण और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का भाव सिखाता है। गौ माता की सेवा एवं संरक्षण हमारी सनातन परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न अंग है।
कार्यक्रम में बौद्धिक संबोधन देते हुए साप्ताहिक मिलन प्रमुख बजरंग दल विकास वर्मा ने कहा कि जीवन में परिस्थितियां कई बार हमारे धैर्य, चरित्र और आर्थिक लेन-देन तक की परीक्षा लेती हैं। कई बार विपरीत परिस्थितियां इतनी प्रभावशाली हो जाती हैं कि व्यक्ति स्वयं को कमजोर और परास्त महसूस करने लगता है। ऐसे कठिन समय में विचलित होने के बजाय प्रभु श्रीराम के बताए मार्ग और बजरंगबली हनुमान जी के प्रति अटूट आस्था रखते हुए धैर्य एवं साहस के साथ उनका सामना करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कभी-कभी समाज भी परिस्थितियों और अधूरी जानकारियों के प्रभाव में आकर उस व्यक्ति पर विश्वास करना छोड़ देता है, जो स्वयं जानता है कि वह सत्य के मार्ग पर चल रहा है। ऐसे समय में व्यक्ति को अपने सिद्धांतों और सत्य के प्रति निष्ठा नहीं छोड़नी चाहिए। समय और परिस्थितियां बदलती रहती हैं, लेकिन चरित्र, धैर्य और सत्य के मार्ग पर अडिग रहने वाला व्यक्ति अंततः अपनी पहचान स्थापित करता है।
विकास वर्मा ने उपस्थित कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आपसी हिंदू विश्वास, सामाजिक एकजुटता और परस्पर सहयोग को और अधिक मजबूत बनाएं। किसी भी परिस्थिति में जल्दबाजी या भावनाओं में बहकर निर्णय लेना सदैव नुकसानदायक हो सकता है। इसलिए प्रत्येक विषय को समझकर, धैर्यपूर्वक और विवेक के साथ निर्णय लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हनुमान जी का जीवन हमें संकटों में साहस, सेवा, समर्पण और प्रभु के प्रति अटूट विश्वास बनाए रखने की प्रेरणा देता है। यही भाव हमारे व्यक्तिगत जीवन और सामाजिक संगठन की मजबूती का आधार होना चाहिए।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं ने श्रद्धापूर्वक आरती में सहभागिता की तथा प्रसाद ग्रहण किया। गोपाष्टमी के विशेष पर्व को ध्यान में रखते हुए प्रसाद में माखन-मिश्री को विशेष रूप से सम्मिलित किया गया, जो भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और गोपाष्टमी के पावन प्रसंग की स्मृति को समर्पित रहा।
इस अवसर पर अमन राजवंशी, आशीष बलूनी, अशोक प्रजापति अजय निषाद,अनिल चौहान, नीरज शर्मा बृजेश चौहान प्रभात वर्मा,विशाल वाल्मीकि, प्रदीप यादव, सोनू गुप्ता, शुभम चौहान एवं करण सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जय श्रीराम! जय बजरंगबली! जय गौ माता!
