देहरादून। अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों ने बुधवार, 18 नवंबर को राजधानी देहरादून में महाआक्रोश रैली निकालकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदेशभर से पहुंचे पीआरडी जवानों ने 365 दिन नियमित रोजगार और होमगार्ड जवानों के समान वेतन एवं महंगाई भत्ता दिए जाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया। जवानों ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की आवाज बुलंद की।
पीआरडी जवानों के इस प्रदर्शन और सचिवालय के बाहर धरने के चलते शहर की यातायात व्यवस्था पर भी खासा असर देखने को मिला। परेड ग्राउंड, रेंजर्स ग्राउंड, नगर निगम क्षेत्र, राजपुर रोड,बेहल चौक,सालावाला रोड सहित आसपास के प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से कई जगह जाम की स्थिति पैदा हो गई। यह जाम दोपहर 3:00 बजे तक भी हल्का नहीं हुआ इसके लिए यातायात पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी
जवानों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। संगठन के मुताबिक, इससे पहले 18 मार्च से एकता विहार में अनिश्चितकालीन धरना दिया गया था। छह जुलाई को विभागीय मंत्री रेखा आर्या को ज्ञापन सौंपने के बाद अधिकारियों की ओर से मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था। इसके बाद सात जुलाई से धरना स्थगित कर दिया गया, लेकिन संगठन का आरोप है कि आश्वासन के बावजूद मांगों को कैबिनेट में नहीं रखा गया।
पीआरडी जवानों की प्रमुख मांग है कि उन्हें साल के सभी 365 दिन रोजगार उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें बार-बार बेरोजगारी और आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही होमगार्ड जवानों की तर्ज पर मूल वेतन और महंगाई भत्ता दिए जाने की भी मांग उठाई गई। दूसरी ओर, आंदोलन के कारण शहर के व्यस्त इलाकों में यातायात प्रभावित होने से आम जनता को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ीं। स्थानीय लोगों और व्यापारियों के लिए भी आवागमन मुश्किल बना रहा।
रिपोर्टर राजू ठाकुर
