दून के नामी कारोबारी के कार शोरूम से लाखों की नकदी व कारोबार से संबंधित दस्तावेज चोरी हो गए। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की तो घटना में मध्य प्रदेश के एक शातिर गिरोह के शामिल होने की सूचना मिली। जिस पर पुलिस की एक टीम मध्य प्रदेश रवाना हुई और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
आईएसबीटी के निकट स्थित ओबराय टाटा मोटर्स शोरूम में चोरी की शिकायत महाप्रबंधक वित्त प्रजापति सरन दास ने पटेल नगर थाने में दी। बताया कि सोमवार सुबह वह कार्यालय पहुंचे तो उन्होंने दरवाजा खोलकर देखा कि आलमारी खुली हुई है और कागज बिखरे हुए हैं। उन्होंने आलमारी की जांच की तो पाया कि भीतर रखी लाखों की नकदी गायब है। साथ ही कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी गायब हैं।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। पटेल नगर निरीक्षक केके लुंठी ने बताया कि मामले में जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।