केदारनाथ यात्रा मार्ग पर पहाड़ी से पत्थर गिरने से युवक की दर्दनाक मौत

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे ने हड़कंप मचा दिया. सोनप्रयाग स्थित हनुमान मंदिर के पास अचानक पहाड़ी से भारी पत्थर और मलबा गिरने से अफरा-तफरी मच गई. हादसे की चपेट में आने से एक स्थानीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक नेपाली मूल का व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. वहीं हादसे के बाद प्रशासन ने तत्काल बड़ा एक्शन लेते हुए संवेदनशील और खतरे वाले स्थानों पर लगी दुकानों को हटाना शुरू कर दिया.

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चीख-पुकार मच गई और यात्रा मार्ग पर कुछ देर के लिए भगदड़ जैसे हालात बन गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक पहाड़ी से तेज गर्जना के साथ बड़े-बड़े पत्थर नीचे आ गिरे, जिससे आसपास मौजूद लोग जान बचाकर भागने लगे. बताया जा रहा है कि हादसा उस समय हुआ जब क्षेत्र में यात्रियों और स्थानीय लोगों की आवाजाही जारी थी. अचानक ऊपर से गिरे पत्थरों ने कई दुकानों और आसपास के क्षेत्र को भी अपनी चपेट में ले लिया. हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग, पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया.

गंभीर रूप से घायल नेपाली नागरिक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है. वहीं मृतक स्थानीय युवक की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है. घटना के बाद प्रशासन ने तत्काल बड़ा एक्शन लेते हुए संवेदनशील और खतरे वाले स्थानों पर लगी दुकानों को हटाना शुरू कर दिया. अधिकारियों ने पहाड़ी से लगातार गिर रहे पत्थरों और संभावित खतरे को देखते हुए इलाके को अस्थायी रूप से खाली कराया. प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि लगातार बदलते मौसम, पहाड़ियों के दरकने और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए यात्रा मार्ग पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है.

केदारनाथ यात्रा के दौरान लगातार हो रहे भूस्खलन, पत्थर गिरने और पहाड़ियों के दरकने की घटनाओं ने यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है. खासकर सोनप्रयाग से गौरीकुंड के बीच कई स्थान अत्यधिक संवेदनशील बने हुए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि पहाड़ियों से लगातार गिर रहे पत्थर आने वाले दिनों में और बड़े हादसों का कारण बन सकते हैं. उन्होंने प्रशासन से यात्रा मार्ग की सुरक्षा के लिए स्थायी और मजबूत इंतजाम करने की मांग की है. प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न रुकें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें. साथ ही मौसम खराब होने की स्थिति में यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *